श्याम बिहारी सरल की कृति ‘दिल की आवाज’ का राजगढ़ में हुआ विमोचन
साहित्यिक योगदान के लिए वरिष्ठ साहित्यकार सरल को किया गया सम्मानित
शिवपुरी। तलेन, राजगढ़ में आयोजित साहित्यिक आयोजन ‘आत्मबोध से विश्वबोध’ में शिवपुरी के वरिष्ठ साहित्यकार श्याम बिहारी सरल की कृति ‘दिल की आवाज’ का भव्य विमोचन किया गया। इस अवसर पर उनके शैक्षणिक एवं साहित्यिक योगदान के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया।
प्रदेशभर से पहुंचे साहित्यकारों की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में पद्मश्री एवं जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष तथा पर्यावरण प्रेमी मोहन नागर मुख्य अतिथि रहे। वरिष्ठ पत्रकार अशोक त्रिपाठी सारस्वत, वरिष्ठ लेखक प्रवीण गुगनानी बैतूल, अखिल भारतीय साहित्य परिषद के प्रांत महामंत्री आशुतोष शर्मा ‘ओज’ सहित अन्य साहित्यकार एवं अतिथि मंचासीन रहे।
श्याम बिहारी सरल की कृति ‘दिल की आवाज’ का चयन मध्यप्रदेश शासन के साहित्य अकादमी द्वारा किया गया है और अकादमी द्वारा इसका प्रकाशन भी कराया गया है। कार्यक्रम में साहित्य परिषद राजगढ़ के जिलाध्यक्ष राजेश सत्यम ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि शासन स्तर पर साहित्यिक कृतियों के परीक्षण के बाद चयनित होकर प्रकाशित होना रचना की गुणवत्ता को प्रमाणित करता है। उन्होंने सरल के शिक्षा गीतों एवं बाल गीतों को प्रेरणादायी और श्रेष्ठ बताया।
सरल की इस उपलब्धि पर शिवपुरी सहित प्रदेश के साहित्यकारों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
Comments
Post a Comment