पोहरी में कृषि कार्यालयों और कीटनाशक दुकानों पर औचक निरीक्षण, 3 कर्मचारियों को नोटिस
पोहरी। किसान कल्याण एवं कृषि विकास भोपाल तथा कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य ने गुरुवार को पोहरी विकासखंड के कृषि कार्यालयों और कीटनाशक दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय कृषि अधिकारी और वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय में रिकॉर्ड की स्थिति एवं साफ-सफाई का जायजा लिया गया। कार्यालयीन कार्य में अनियमितता मिलने पर तीन कर्मचारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए।
इसके बाद ग्राम झिरी में संचालित कीटनाशक दुकानों का निरीक्षण किया गया। कृषि विभाग की टीम के पहुंचने की जानकारी मिलते ही कई दुकानदार प्रतिष्ठान बंद कर मौके से चले गए। विभाग ने ऐसे विक्रेताओं को भी कारण बताओ नोटिस जारी कर स्टॉक और बिक्री रिकॉर्ड का ब्यौरा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में फसलों की वर्तमान स्थिति का भी जायजा लिया गया। उप संचालक कृषि ने किसानों से अपनी कृषि भूमि के सभी खसरा नंबरों को फार्मर आईडी से अनिवार्य रूप से जुड़वाने की अपील की, ताकि भविष्य में उर्वरक उठाव के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
Comments
Post a Comment