थाना कोलारस के वार्षिक निरीक्षण में पुलिस अधीक्षक ने दिए सख्त निर्देश
शिवपुरी, 24 अगस्त। पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने सोमवार को थाना कोलारस पहुंचकर थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने में संधारित रिकॉर्ड, महत्वपूर्ण रजिस्टर, मालखाना और हवालात का निरीक्षण किया। साथ ही थाना परिसर की साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अपराधों की रोकथाम और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा सीसीटीवी कैमरों को हमेशा चालू रखने पर जोर दिया।
रात्रि गश्त में अधिक से अधिक बल लगाने और पूरी सतर्कता के साथ गश्त करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा लंबित वारंटों की तामीली, अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई तथा लंबित अपराधों में आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामलों का शीघ्र निराकरण करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने थाने पर लंबित सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करने, फरियादियों की रिपोर्ट पर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा महिला संबंधी अपराधों में तत्काल वरिष्ठ कार्यालय को सूचना देकर पीड़िता को आवश्यक पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ चोरी अथवा अन्य संपत्ति की बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान थाना क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रभावी प्रयास करने पर विशेष जोर दिया गया।
Comments
Post a Comment