उन्नत फसल किस्मों का प्रदर्शन देखा, किसानों को दिए वैज्ञानिक खेती के गुर
सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
शिवपुरी, कृषि विभाग द्वारा किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों और नवीन फसल प्रजातियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मैदानी निरीक्षण किया गया। उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य ने कृषि विभाग के अधिकारियों की टीम के साथ ग्राम राजा की मुड़ेरी पहुंचकर फसलों की स्थिति का जायजा लिया।
भ्रमण के दौरान आत्मा योजना के अंतर्गत स्थापित फसल प्रदर्शन का निरीक्षण किया गया। प्रदर्शन क्षेत्र में सोयाबीन की उन्नत किस्म आरवीएसएम-1135 और मूंगफली की जीजी-37 किस्म का प्रदर्शन किया जा रहा है। अधिकारियों ने फसलों की वर्तमान स्थिति, पौध वृद्धि और संभावित उत्पादन का अवलोकन किया।
इस दौरान उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य ने किसानों को उन्नत किस्मों के उपयोग, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा खरपतवार प्रबंधन की वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से विभागीय सलाह और कृषि वैज्ञानिकों के सुझावों का समय पर पालन करने तथा अनुशंसित फसल किस्मों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाने से उत्पादन लागत कम करने के साथ किसानों की आय में वृद्धि की जा सकती है।
मैदानी भ्रमण के दौरान एसएडीओ अरुण कुमार शाक्य, बीटीएम शिवपुरी रघुवीर सिंह यादव और एटीएम शिवपुरी शलिकराम धाकड़ सहित क्षेत्र के किसान और कृषि विभाग के स्थानीय कर्मचारी मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment