कलेक्टर ने पोहरी-बैराड़ क्षेत्र में किया सघन औचक निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
शिवपुरी। जिले में शासकीय व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और आमजन को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने पोहरी विकासखंड और बैराड़ तहसील क्षेत्र के विभिन्न शासकीय संस्थानों का सघन औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनवाड़ी केंद्रों और कार्यालयों में व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम जेपी गुप्ता, जनपद पंचायत सीईओ ऑफिसर सिंह गुर्जर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने ग्राम भौराना के एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय और आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया। विद्यालय में मध्याह्न भोजन निर्धारित मैन्यू के अनुसार नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित समूह को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। पंचायत सचिव को स्कूल परिसर की मरम्मत, बाउंड्रीवॉल निर्माण, भवन सुधार, पेंटिंग और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उपस्थिति पंजी, टीकाकरण रिकॉर्ड, दवा वितरण और दवाओं के स्टॉक की जांच करते हुए नियमित साफ-सफाई और पौधरोपण के निर्देश दिए।
बैराड़ तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आरसीएमएस पंजी, नामांतरण, सीमांकन और फार्मर रजिस्ट्री के लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने सभी प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। कार्यालय परिसर में गंदगी मिलने पर सफाई कर्मचारियों की शिफ्ट में ड्यूटी लगाने और वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित करने को कहा। एक बुजुर्ग आवेदक की शिकायत पर रिपोर्ट नहीं लगाने वाले संबंधित पटवारी के विरुद्ध कार्रवाई तथा रीडर को शिवपुरी अटैच करने के निर्देश दिए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में कलेक्टर ने ओपीडी, स्टाफ उपस्थिति, दवाओं के स्टॉक, आपातकालीन और ड्रेसिंग कक्ष का जायजा लिया। गर्भावस्था-पूर्व टीकाकरण कक्ष, नवजात शिशु एवं पीएनसी वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं और भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली। पोहरी में एक्स-रे मशीन बंद होने की जानकारी मिलने पर सीएमएचओ को तत्काल मशीन दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय एसडीएम और तहसीलदार को अस्पताल की सफाई और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने को कहा।
ग्राम गाजीगढ़ में निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र बंद मिला। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्यकर्ता को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद आयुष्मान आरोग्य मंदिर और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति और बच्चों की पढ़ाई का स्तर देखा गया। स्कूल परिसर में खेल मैदान तैयार करने, बाउंड्रीवॉल निर्माण और दुरुस्तीकरण के कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश जनपद सीईओ को दिए।
ग्राम धौरिया में कलेक्टर ने एकीकृत प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यार्थियों के पठन-पाठन, शिक्षकों की उपस्थिति और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता देखी। स्कूल परिसर में गंदगी और शौचालयों की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए पंचायत सचिव और ग्राम रोजगार सहायक के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। गांव में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य कम पाए जाने पर इसे शत-प्रतिशत पूरा कराने के निर्देश दिए। ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने गिरवानी, जौराई और ठेंवला के शासकीय विद्यालयों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यार्थियों की उपस्थिति, स्वच्छता और मध्याह्न भोजन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ठेंवला में फार्मर रजिस्ट्री के कार्य की समीक्षा कर ग्रामीणों से चर्चा की और समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए एसडीएम एवं जनपद सीईओ को निर्देश दिए।
निरीक्षण के अंत में कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अधिकारियों को नियमित रूप से मैदानी क्षेत्रों में जाकर शासकीय संस्थानों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और आमजन को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से जमीनी स्तर पर सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर करने और आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
Comments
Post a Comment