जनसुनवाई में कलेक्टर ने किया समस्याओं का त्वरित निराकरण,


 तीन जरूरतमंदों को तत्काल आर्थिक सहायता

सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
शिवपुरी। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए रेडक्रॉस मद से आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई।
जनसुनवाई में तहसील बैराड़ के ग्राम ऐंचवाडा निवासी प्रतिभावान छात्र वीरेंद्र कुशवाहा ने आर्थिक सहायता के लिए आवेदन दिया। वीरेंद्र ने बताया कि माता-पिता पिछले 10 वर्षों से अस्वस्थ हैं, इसके बावजूद वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। छात्र की परिस्थितियों और लगन को देखते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा ने रेडक्रॉस मद से 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर चेक प्रदान किया।
इसी तरह ग्राम इन्दरगढ़ सुभाषपुरा निवासी नरेश जाटव ने अपनी कक्षा 9वीं में अध्ययनरत मूक-बधिर पुत्री की पेंशन एवं आर्थिक सहायता के लिए आवेदन दिया। मामले में कलेक्टर ने तत्काल रेडक्रॉस मद से 5 हजार रुपये की सहायता राशि मंजूर की और सामाजिक न्याय विभाग को पेंशन प्रक्रिया नियमानुसार शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
ठकुरपुरा शिवपुरी निवासी रानी यादव ने भी आर्थिक सहायता के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि उनके पति पिछले एक वर्ष से मुंह के कैंसर से गंभीर रूप से पीड़ित हैं, जिससे परिवार के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने रेडक्रॉस मद से 10 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना तथा अधिकारियों को बिना किसी देरी के प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ विजय राज, अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और जरूरतमंदों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Comments

Popular posts from this blog

पिछोर में मेधावी छात्रों का सम्मान, 25 लाख की प्रोत्साहन राशि भी दी

थाना कोलारस के वार्षिक निरीक्षण में पुलिस अधीक्षक ने दिए सख्त निर्देश

कलेक्टर ने पोहरी-बैराड़ क्षेत्र में किया सघन औचक निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश