निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया तो सरपंच-सचिव से होगी राशि की वसूली
सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
शिवपुरी/कोलारस। ग्राम पंचायत झाड़ेल के ग्राम मदनपुर में स्वीकृत निर्माण कार्य शुरू नहीं कराने और राशि आहरित किए जाने की शिकायत पर जनपद पंचायत कोलारस ने सख्ती दिखाई है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने ग्राम पंचायत के सरपंच-सचिव को पत्र जारी कर स्वीकृत कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निरीक्षण के दौरान काम शुरू नहीं मिलने पर संबंधितों से राशि वसूली की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
दरअसल, ग्रामीण की शिकायत में आरोप लगाया गया था कि विधायक मद से भारत के घर से स्कूल की ओर स्वीकृत सीसी निर्माण कार्य और 15वें वित्त से हनुमान मंदिर के पास स्वीकृत चैकडैम निर्माण कार्य के लिए राशि आहरित कर ली गई, लेकिन मौके पर निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जनपद पंचायत कोलारस के सीईओ ने ग्राम पंचायत झाड़ेल के सरपंच-सचिव को निर्देश दिए हैं कि आहरित राशि से संबंधित दोनों निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराए जाएं। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया जाएगा।
यदि निरीक्षण के दौरान कार्य शुरू नहीं पाए गए तो संबंधितों के विरुद्ध आहरित राशि की वसूली की कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। इसके लिए सरपंच-सचिव को जिम्मेदार बताया गया है। मामले की प्रतिलिपि जिला पंचायत शिवपुरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को भी भेजी गई है। अब निगाह इस बात पर है कि प्रशासन के निर्देश के बाद मदनपुर में लंबित निर्माण कार्य कब शुरू होते हैं।
Comments
Post a Comment