कोलारस में झूला महोत्सव की धूम, वृंदावन-सी सजी भक्ति की छटारसिक पदों और भजनों से गूंजे मंदिर, श्रद्धालुओं ने झूले में विराजे बांके बिहारी जी के किए दर्शन
सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
कोलारस। सावन के पावन अवसर पर कोलारस नगर में झूला महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। नगर के प्रमुख मंदिरों को वृंदावन की तर्ज पर आकर्षक रूप से सजाया गया है। फूलों की मनमोहक सजावट, विद्युत रोशनी और भक्ति संगीत से मंदिर परिसर सहित पूरा नगर भक्तिमय नजर आ रहा है।
राधा गोपाल मंदिर, पंचायती मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, धर्मशाला हनुमान मंदिर, रामार्चन मंदिर, राम मंदिर, झंडा वाला मंदिर और चंपे वाला मंदिर सहित कई मंदिरों में भगवान श्री बांके बिहारी जी के हिंडोलों को विशेष रूप से सजाया गया है। शाम होते ही मंदिरों में रसिक पदों और भजनों की स्वर लहरियां गूंजने लगती हैं।
पंसारी और गोपाल जी मंदिर में विपिन खेमरिया एवं संस्कार गोयल ने श्री बिहारी जी के समक्ष ब्रज के मधुर रसिक पदों का गायन किया। वहीं ऐतिहासिक राम मंदिर में पुजारी प्रिया शरण महाराज ने भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
झूला महोत्सव के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचकर भगवान के दर्शन कर रहे हैं और उन्हें झूला झुला रहे हैं। भजनों एवं रसिक पदों की गूंज से कोलारस में वृंदावन जैसी भक्तिमय छटा दिखाई दे रही है। सावन के इस आयोजन ने नगरवासियों में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का संचार किया है।
Comments
Post a Comment