मासिक संस्कार शाला का शुभारंभ, बच्चों को संस्कारवान नागरिक बनाने का संकल्प

सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
शिवपुरी। परिमल समाज कल्याण समिति शिवपुरी द्वारा बच्चों की मानसिक वृद्धि एवं उन्हें संस्कारवान और श्रेष्ठ नागरिक बनाने के उद्देश्य से मासिक संस्कार शाला का शुभारंभ स्थानीय आर्य समाज मंदिर में किया गया। शुभारंभ अवसर पर बच्चों और उनके पालकों की उपस्थिति में सामूहिक हवन आयोजित किया गया। बच्चों ने राष्ट्र कल्याण की आहुतियां अर्पित कर वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वैदिक विद्वान समीर गांधी ने कहा कि शिक्षा के साथ नैतिक शिक्षा और संस्कार देना भी आवश्यक है। माता-पिता एवं गुरुजनों की सेवा, विद्वान अतिथियों का सत्कार तथा मूक पशु-पक्षियों के लिए अन्न-जल की व्यवस्था करना प्रत्येक बच्चे और युवा का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि जल, वायु, भूमि, अग्नि और आकाश का मानव जीवन पर ऋण है, इसलिए प्रकृति का संरक्षण और संवर्धन सभी की जिम्मेदारी है। हवन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का भाव विकसित किया जा सकता है।
समीर गांधी ने कहा कि बच्चे और युवा देश की धरोहर एवं भविष्य हैं। युवाओं में संस्कारों और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से परिमल समाज कल्याण समिति ने यह संस्कार शाला शुरू की है। इसका उद्देश्य बच्चों के व्यक्तित्व विकास के साथ उन्हें जिम्मेदार, संस्कारवान और देशभक्त नागरिक बनाना है।
समिति अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने बताया कि अगले माह से बच्चों को निशुल्क ज्ञानवर्धक पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही वैदिक मंत्रों का कंठस्थ अभ्यास, व्यवहारिक विषयों पर चर्चा और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कर बच्चों के ज्ञान एवं नैसर्गिक प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जाएगा।
संस्कार शाला के प्रथम आयोजन में 40 से अधिक बच्चे एवं उनके पालक शामिल हुए। सामूहिक हवन और वैदिक मंत्रोच्चार से आर्य समाज मंदिर परिसर का वातावरण आध्यात्मिक एवं सुगंधित हो उठा। समिति ने आगामी आयोजनों में बच्चों की संख्या बढ़ाने तथा नियमित रूप से उन्हें संस्कार एवं ज्ञान प्रदान करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मनोज अग्रवाल, कपिल मंगल, नमन विरमानी, सचिन सोनी, परमाल यादव, प्रदीप सोनी, वंदना शिवहरे, सुगंधा शर्मा, रीता अग्रवाल, सरिता अग्रवाल एवं रोमेश अग्रवाल की विशेष भूमिका रही। आभार कपिल मंगल ने व्यक्त किया।

Comments

Popular posts from this blog

थाना कोलारस के वार्षिक निरीक्षण में पुलिस अधीक्षक ने दिए सख्त निर्देश

कलेक्टर ने पोहरी-बैराड़ क्षेत्र में किया सघन औचक निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

उन्नत फसल किस्मों का प्रदर्शन देखा, किसानों को दिए वैज्ञानिक खेती के गुर