हेलमेट चेकिंग में 60 वाहन चालकों के चालान, 100 से अधिक को दी समझाइश
सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
शिवपुरी। सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों पर हेलमेट चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान हेलमेट पहनकर वाहन चलाने वालों को राहत देते हुए बिना चालान किए सुरक्षा संबंधी हिदायत देकर रवाना किया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
चेकिंग अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 60 वाहन चालकों के चालान काटे गए। वहीं पुलिस ने 100 से अधिक वाहन चालकों को रोककर हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी।
यातायात पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटना के दौरान हेलमेट सिर में गंभीर चोट लगने के खतरे को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं हेलमेट पहनें और परिवार के अन्य सदस्यों को भी हेलमेट के प्रति जागरूक करें। यातायात पुलिस का यह अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।
Comments
Post a Comment