शिवपुरी में पेड़ से लटका मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, 4-5 दिन पुराना होने की आशंका
*सिमर एक्सप्रेस संवाददाता अनुराग कटारे*
शिवपुरी। जिले के फक्कड़ कॉलोनी क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब फॉरेस्ट बाउंड्री के पीछे जंगलात इलाके में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। शव कई दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
शव 4 से 5 दिन पुराना होने की आशंका
प्राथमिक तौर पर शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मृतक की मौत करीब 4 से 5 दिन पहले होने की आशंका जताई है। कई दिन पुराना होने के कारण फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
शिनाख्त में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में पूछताछ शुरू कर दी है। इसके साथ ही जिले में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके।
आत्महत्या या कोई और वजह, जांच जारी
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि व्यक्ति ने आत्महत्या की है या उसकी मौत के पीछे कोई आपराधिक वजह है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण और समय को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है।
Comments
Post a Comment