शिवपुरी में सफाई कर्मचारियों का आंदोलन का अल्टीमेटम, 25 अगस्त से सेवाएं बंद करने की चेतावनी
सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
शिवपुरी। नगरपालिका में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ट्रेड यूनियन ने आंदोलन का अल्टीमेटम दिया है। संगठन ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि मांगों का जल्द निराकरण नहीं होने पर 25 अगस्त 2026 से सफाई कार्य, डोर-टू-डोर कचरा वाहन, पार्कों के रखरखाव सहित अन्य सेवाएं बंद कर दी जाएंगी।
संगठन का कहना है कि कर्मचारियों की कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन उनके निराकरण की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि हड़ताल के कारण शहर में उत्पन्न होने वाली असुविधा की जिम्मेदारी नगरपालिका प्रशासन की होगी।
ये हैं प्रमुख मांगें
सफाई कर्मचारियों ने वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को शासन के नियमानुसार नियमित एवं विनियमित करने की मांग की है। इसके अलावा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों, सफाई दरोगा, ड्राइवर और लिपिक सहित अन्य कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ देने के लिए पीआईसी का प्रस्ताव पारित कराने की मांग भी रखी गई है।
कर्मचारियों ने एनपीएस और पीएफ की कटौती राशि समय पर संबंधित खातों में जमा कराने तथा सभी कर्मचारियों का विभाग की ओर से दुर्घटना बीमा कराने की मांग की है। वहीं रक्षाबंधन से पहले स्थायी कर्मचारियों को 10 हजार रुपये और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को 5 हजार रुपये का त्योहार अग्रिम देने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कर्मचारियों को वर्दी, बरसाती और ईएसआईसी कार्ड उपलब्ध कराने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कराने की मांग भी शामिल है। संगठन ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था समाप्त कर रजिस्टर से हाजिरी लगाने की व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
इसके अलावा कार्य के दौरान किसी कर्मचारी की आकस्मिक मृत्यु होने पर उसके परिवार को अनुकंपा नियुक्ति, 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और अंतिम संस्कार की राशि निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
संगठन ने प्रशासन से मांगों पर तत्काल कार्रवाई की अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि समाधान नहीं होने की स्थिति में 25 अगस्त से कर्मचारी अपने कार्यों का बहिष्कार करेंगे।
Comments
Post a Comment