150 गुम मोबाइल बरामद, 32 लाख के फोन मालिकों को लौटाए
सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
शिवपुरी। शिवपुरी पुलिस की साइबर सेल ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आपकी अमानत’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल ने देश के विभिन्न राज्यों और मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से ट्रैक कर 150 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल की कुल कीमत करीब 32 लाख रुपये आंकी गई है।
25 अगस्त को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति और साइबर सेल प्रभारी धर्मेंद्र सिंह जाट ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। बरामद मोबाइल में 5 प्रीमियम आईफोन भी शामिल हैं।
साइबर सेल के अनुसार, हालिया कार्रवाई में बरामद 150 मोबाइल राजस्थान, महाराष्ट्र, पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के विभिन्न स्थानों से ट्रेस किए गए हैं। इस कार्रवाई के साथ साइबर सेल अब तक करीब 90 लाख रुपये कीमत के 450 मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके मालिकों को वापस कर चुकी है।
वर्ष 2025 में भी साइबर टीम ने करीब 700 गुम मोबाइल फोन तलाशकर उनके स्वामियों के सुपुर्द किए थे। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नागरिकों के गुम हुए मोबाइल फोन को तलाशने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह जाट के साथ प्रधान आरक्षक विकास सिंह चौहान, आरक्षक जलज रावत, भूपेंद्र यादव, शिवम जाटव, देवेंद्र दिनेश किरार, दामोदर परिहार और मनोज शर्मा का विशेष योगदान रहा।
Comments
Post a Comment