त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा, 14 प्रतिष्ठानों से लिए खाद्य पदार्थों के नमूने
सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
शिवपुरी। आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिले में विशेष जांच अभियान शुरू किया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देश पर शिवपुरी, पिछोर, कोलारस और करैरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लिए जा रहे हैं।
अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने हाल के दिनों में 14 प्रतिष्ठानों एवं विक्रेताओं से मावा, घी, खाद्य तेल, काजू, मसाले, दूध, पनीर और मिठाइयों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं। इनमें पिछोर के श्री जी इंटरप्राइजेज से धनिया पाउडर व रिफाइंड सोया तेल, सतनवाड़ा की कृष्णा दूध डेयरी से मिश्रित दूध, शिवपुरी की महावीर ट्रेडिंग कंपनी से गोवर्धन प्योर घी, कोलारस की जैन श्री स्वीट्स एवं नमकीन से मावा बर्फी और मिल्क केक के नमूने शामिल हैं।
इसी तरह शिवपुरी के भोला किराना एवं जनरल स्टोर से पतंजलि गाय घी व अमूल प्योर घी, ब्लींक कॉमर्स प्रा.लि. से पारस देसी घी व बैद्यनाथ गाय घी, जैन मिल्क डेयरी से घी व मावा, महाकालेश्वर मिल्क डेयरी से पनीर, अरिहंत फूड प्रोडक्ट्स से कुकिंग ऑयल और राज एग्रो प्रोडक्ट्स से काजू के नमूने लिए गए। इसके अलावा गोपालदास मोहनदास खण्डेलवाल से नोवा शुद्ध घी व नोवा मिल्क मिक्स, करैरा की पूजा स्वीट्स से मोतीचूर के लड्डू व मावा बर्फी तथा लक्ष्मी मिष्ठान भंडार से मावा लड्डू के नमूने लिए गए। राठौर मावा ब्रोकर्स से भी खुले मावा का नमूना लिया गया।
एक माह में 10 प्रकरण न्यायालय में दायर
विभाग ने पूर्व की कार्रवाई से जुड़े मिलावट के 10 प्रकरण पिछले एक माह में न्यायालय में दायर किए हैं। इनमें कोलारस, पिछोर, करैरा और शिवपुरी के विभिन्न मिष्ठान भंडार, डेयरी एवं किराना प्रतिष्ठानों से जुड़े मामले शामिल हैं।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार जांच अभियान केवल मिष्ठान भंडार और किराना दुकानों तक सीमित नहीं है। ढाबों, भोजनालयों और स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे खाद्य पदार्थों का भी नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। अभियान के दौरान लिए गए सभी नमूने परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment