रामेश्वरम तीर्थ यात्रा के लिए आवेदन शुरू, 1 सितंबर तक जमा होंगे फॉर्म
सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
कोलारस। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत कोलारस जनपद क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों को रामेश्वरम धाम की तीर्थ यात्रा का अवसर मिलेगा। यात्रा के लिए इच्छुक एवं पात्र श्रद्धालुओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 1 सितंबर निर्धारित की गई है।
जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह चौहान ने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों से समय पर आवेदन जमा कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि यात्रा के लिए 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिक पात्र होंगे। तीर्थ यात्री अपने साथ देखरेख के लिए सहायक ले जा सकते हैं, जिसकी आयु कम से कम 18 वर्ष होना आवश्यक है।
ग्रामीण क्षेत्र के पात्र आवेदक अपना आवेदन जनपद पंचायत कार्यालय कोलारस में, जबकि शहरी क्षेत्र के निवासी नगर परिषद कार्यालय में जमा कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए जनपद कार्यालय में विशेष व्यवस्था की गई है।
यात्रा से संबंधित जानकारी, आवेदन भरने में सहायता अथवा अन्य जानकारी के लिए जनपद पंचायत कोलारस के तीर्थ दर्शन योजना कोऑर्डिनेटर ओपी शाक्य से संपर्क किया जा सकता है। जनपद अध्यक्ष ने अधिक से अधिक वरिष्ठ नागरिकों से इस धार्मिक यात्रा का लाभ उठाने की अपील की है।
Comments
Post a Comment