पौधों को राखी बांध लिया सालभर संरक्षण का संकल्प
गणेश कुंड के पास 25 से अधिक पौधे रोपे, ‘एक पौधा एक राखी’ अभियान में पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
शिवपुरी। परिमल समाज कल्याण समिति शिवपुरी के तत्वावधान में ‘एक पौधा एक राखी’ अभियान के तहत गणेश कुंड के निकट नगर पालिका संपवेल परिसर में वृक्षारोपण किया गया। यहां पार्क विकसित करने के उद्देश्य से पीपल, आम, बरगद सहित 25 से अधिक पौधे लगाए गए। पौधों को राखी बांधकर उनकी सालभर देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया गया।
वैदिक मंत्रों के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में मनोज अग्रवाल ने कहा कि प्रकृति हमें बहुत कुछ देती है, इसलिए जितना लिया जाए उतना लौटाने का भाव भी होना चाहिए। समाजसेवी धर्मेश अरोरा ने कहा कि हवन में उपयोग होने वाली समिधा के बदले पौधे लगाना प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का प्रयास है, ताकि आने वाली पीढ़ी को बेहतर पर्यावरण मिल सके।
समिति अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व प्रकृति से जुड़ाव और संरक्षण का संदेश देता है। पौधों को राखी बांधकर वर्षभर उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया गया है। कार्यक्रम में नपा स्वास्थ्य अधिकारी योगेश शर्मा का विशेष सहयोग रहा। इस दौरान समिति के सदस्यों और समाजसेवियों ने पौधे रोपकर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी ली।
Comments
Post a Comment