धंधेरा में बारिश ने खोली पुलिया निर्माण की पोल, तेज बहाव में बह गई पुलिया; ग्रामीणों ने एक दिन पहले ही भांप लिया था खतरा
सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
बदरवास। तेज बारिश के चलते बदरवास जनपद के धंधेरा गांव में सड़क पर बनी पुलिया रविवार को पानी के तेज बहाव में बह गई। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने की आशंका ग्रामीणों को एक दिन पहले ही हो गई थी। शनिवार को भुजरियां सिराने के लिए पुलिया की ओर जा रही महिलाओं को ग्रामीणों ने जर्जर हालत देखते हुए रोक दिया था। ग्रामीणों के इस फैसले से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार को हुई तेज बारिश के बाद बामौर और इचोनिया गांव की ओर से आने वाला पानी धंधेरा की ओर पहुंचा। पानी का बहाव बढ़ने से पुलिया के आसपास कटाव शुरू हो गया। रविवार को पानी का दबाव बढ़ने के साथ ही पुलिया का एक हिस्सा बह गया। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी खड़ी हो गई है।
भुजरियां सिराने जा रही महिलाओं को रोका था
ग्रामीणों के मुताबिक शनिवार को भुजरिया पर्व के दौरान महिलाएं इसी पुलिया से होकर भुजरियां सिराने जाने वाली थीं। पुलिया की स्थिति देखकर ग्रामीणों ने महिलाओं को वहां से जाने से रोक दिया। इसके कुछ ही घंटों बाद पुलिया के आसपास पानी का कटाव और बढ़ गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि महिलाओं को पुलिया पार करने दिया जाता तो गंभीर हादसा हो सकता था।
2009 में हुआ था पुलिया का निर्माण
धंधेरा निवासी एवं कोलारस कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष बलभद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि वर्ष 2009 में उनके पिता के सरपंच कार्यकाल के दौरान आरईएस विभाग द्वारा पुलिया का निर्माण कराया गया था। उनके अनुसार कुछ वर्ष पहले ही पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब दो वर्ष पहले पुलिया के मेंटीनेंस के लिए राशि निकाली गई थी, लेकिन मरम्मत कार्य में निर्धारित मानकों के अनुरूप पत्थर और ठोस मलबे का इस्तेमाल करने के बजाय पिचिंग में मिट्टी भर दी गई।
बलभद्र सिंह धाकड़ ने आरोप लगाया कि निर्माण और मरम्मत में कथित लापरवाही के कारण पुलिया मजबूत नहीं हो सकी और बारिश में पानी के तेज बहाव के सामने टिक नहीं पाई।
जांच और स्थायी समाधान की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि इस पुलिया से आसपास के गांवों के लोगों का नियमित आवागमन होता है। पुलिया बहने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मौके का निरीक्षण कर पुलिया के निर्माण एवं पूर्व में किए गए मेंटीनेंस कार्य की जांच कराने तथा यहां मजबूत और स्थायी पुलिया का निर्माण कराने की मांग की है।
Comments
Post a Comment