कोलारस में हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया ईद मिलादुन्नबी का जुलूस

सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
कोलारस। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर नगर कोलारस में ईद मिलादुन्नबी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुस्लिम समाज द्वारा भव्य जुलूस एवं चल समारोह निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
जुलूस की शुरुआत जगतपुर स्थित नूरानी मस्जिद से हुई। जुलूस जगतपुर, एबी रोड, एप्रोच रोड होते हुए सदर बाजार की विभिन्न गलियों से निकला और अंत में सदर बाजार स्थित जामा मस्जिद पहुंचकर संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में धार्मिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश देखने को मिला।
नूरानी मस्जिद, बस स्टॉप और कट्टर मोहल्ले में हुआ सम्मान
चल समारोह के दौरान नूरानी मस्जिद, बस स्टॉप एवं कट्टर मोहल्ला क्षेत्र में शहर काजी, सदर, समाज के गणमान्य नागरिकों एवं बुजुर्गों द्वारा आयोजन की व्यवस्था एवं सुरक्षा में सहयोग करने वाले पुलिस प्रशासन का साफा बांधकर एवं पुष्पहार पहनाकर सम्मान किया गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन के सहयोग के प्रति मुस्लिम समाज के जिम्मेदार लोगों ने आभार व्यक्त किया।




थाना प्रभारी पुनीत बाजपेई रहे पुलिस बल के साथ मौजूद
ईद मिलादुन्नबी के इस चल समारोह को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। थाना प्रभारी पुनीत बाजपेई पुलिस बल के साथ पूरे आयोजन के दौरान मौजूद रहे और जुलूस के मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।





सीएमओ रमेश भार्गव ने संभाली साफ-सफाई की व्यवस्था
आयोजन के दौरान नगर की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन का विशेष सहयोग देखने को मिला। कोलारस सीएमओ रमेश भार्गव ने जुलूस के मार्ग में आने वाले स्थानों पर स्वयं मौजूद रहकर साफ-सफाई की व्यवस्था कराई, ताकि चल समारोह के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। उनके इस सहयोग की मुस्लिम समाज के जिम्मेदार लोगों ने सराहना करते हुए धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
ईद मिलादुन्नबी का यह आयोजन कोलारस में धार्मिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता की मिसाल बनकर सामने आया। मुस्लिम समाज के जिम्मेदार लोगों ने आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में सहयोग करने वाले थाना प्रभारी पुनीत बाजपेई सहित पुलिस प्रशासन एवं नगर पालिका प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Comments

Popular posts from this blog

नगर परिषद की कचरा गाड़ी चोरी, रेलवे स्टेशन रोड पर दिखी फिर भी हाथ नहीं लगी

रक्षाबंधन पर चंद्र ग्रहण का साया नहीं, जानिए राखी बांधने के शुभ मुहूर्त

सांसद भारत सिंह कुशवाह के जन्मदिन पर नरवर भाजपा मंडल ने मनाया सेवा और पर्यावरण संरक्षण का पर्व