तीन माह से राशन को तरसे डेहरवारा के ग्रामीण, जनपद अध्यक्ष ने एसडीएम को कराया अवगत तो तत्काल हुआ वितरणग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम ने लिया संज्ञान, उचित मूल्य दुकान से राशन मिलने पर मिली राहत
सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
कोलारस। जनपद पंचायत कोलारस अंतर्गत ग्राम डेहरवारा के ग्रामीण पिछले तीन माह से शासकीय उचित मूल्य की दुकान से राशन नहीं मिलने के कारण परेशान थे। ग्रामीणों ने जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपकर राशन दिलाने की गुहार लगाई। ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जनपद अध्यक्ष ने तत्काल एसडीएम को पूरे मामले से अवगत कराया।
मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम ने तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद ग्रामीणों को उचित मूल्य की दुकान से राशन का वितरण कराया गया। तीन माह से राशन नहीं मिलने के कारण परेशान ग्रामीणों को राशन मिलने पर राहत मिली।
ग्रामीणों ने बताया कि सेल्समैन द्वारा बीते तीन महीनों से राशन का वितरण नहीं किया जा रहा था। जब वे राशन लेने दुकान पर पहुंचते थे तो राशन उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर उन्हें वापस लौटा दिया जाता था। इस कारण गांव के कई गरीब और आदिवासी परिवार खाद्यान्न संकट से जूझ रहे थे।
गोघा, परमु, सुरेश, मरासी, लालाराम, ज्ञानी, बाबू, नक्टू और हरिराम आदिवासी सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि वे पूर्व में भी एसडीएम एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों से शिकायत कर चुके थे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ था।
ग्रामीणों की शिकायत पर जनपद अध्यक्ष भरत सिंह चौहान द्वारा एसडीएम को अवगत कराने के बाद तत्काल कार्रवाई होने से ग्रामीणों को राशन मिल सका। ग्रामीणों ने समस्या के तत्काल निराकरण पर राहत जताई।
Comments
Post a Comment