अशोभनीय टिप्पणी पर भड़का आक्रोश, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग
, सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
करैरा तहसील के ग्राम बैसोरा निवासी आजाद लोधी पर महिलाओं एवं समाज विशेष के प्रति कथित रूप से अशोभनीय और भड़काऊ टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रभक्त सवर्ण समाज संगठन ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी और कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, एक ऑडियो कॉल में आजाद लोधी द्वारा माताओं-बहनों एवं समाज विशेष के प्रति कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया। संगठन का कहना है कि इस तरह की टिप्पणी से सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है और लोगों में आक्रोश की स्थिति बनी है।
ज्ञापन के माध्यम से पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर सुसंगत धाराओं में प्रकरण दर्ज करने तथा आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। संगठन ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी है।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो सर्वसमाज के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
राष्ट्रभक्त सवर्ण समाज संगठन के जिला अध्यक्ष भरत शर्मा ने कहा कि महिलाओं और किसी भी समाज के प्रति अपमानजनक भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की।
Comments
Post a Comment