मुक्तिधाम के अभाव में खेत में हुआ महिला का अंतिम संस्कार, चिता जलाने साइकिल के टायरों का लिया सहारा

सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
शिवपुरी। बारिश के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की कमी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। कोलारस जनपद की ग्राम पंचायत कुमरौआ के अमरपुर टपरियन गांव में मुक्तिधाम नहीं होने के कारण एक महिला का अंतिम संस्कार खेत में करना पड़ा। बारिश के कारण लकड़ियां ठीक से नहीं जल सकीं तो चिता जलाने के लिए साइकिल के टायरों का सहारा लेना पड़ा।
ग्रामीण सचिन कुशवाह के अनुसार उसकी भाभी मनीषा कुशवाह का निधन हो गया था। गांव में मुक्तिधाम की व्यवस्था नहीं होने के कारण परिजन और ग्रामीण खेत में अंतिम संस्कार करने को मजबूर हुए। सामान्य दिनों में ग्रामीण नदी किनारे अंतिम संस्कार करते हैं, लेकिन बारिश के दौरान नदी में पानी बढ़ने और रास्ते खराब होने के कारण वहां पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है।
कई बार आवेदन, अब तक नहीं बनी सुविधा
ग्रामीणों का कहना है कि अमरपुर टपरियन में लंबे समय से मुक्तिधाम निर्माण की मांग की जा रही है। ग्रामीणों ने कई बार संबंधित अधिकारियों को आवेदन दिए, लेकिन अब तक मुक्तिधाम का निर्माण नहीं हो सका। बारिश के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है और लोगों को मृत परिजनों के अंतिम संस्कार के लिए भी परेशानी उठानी पड़ती है।
सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद दबाव का आरोप
सचिन कुशवाह ने बताया कि मुक्तिधाम निर्माण की मांग को लेकर उसने सीएम हेल्पलाइन 181 पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। उसका आरोप है कि शिकायत के बाद उस पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में जल्द से जल्द मुक्तिधाम का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी परिवार को अंतिम संस्कार के लिए इस तरह की परेशानी न उठानी पड़े।

Comments

Popular posts from this blog

नगर परिषद की कचरा गाड़ी चोरी, रेलवे स्टेशन रोड पर दिखी फिर भी हाथ नहीं लगी

रक्षाबंधन पर चंद्र ग्रहण का साया नहीं, जानिए राखी बांधने के शुभ मुहूर्त

सांसद भारत सिंह कुशवाह के जन्मदिन पर नरवर भाजपा मंडल ने मनाया सेवा और पर्यावरण संरक्षण का पर्व