सिंधिया के शिवपुरी दौरे की तैयारियां तेज, कलेक्टर ने ककरवाया से पिछोर तक कार्यक्रम स्थलों का किया निरीक्षण
सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
शिवपुरी। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 31 अगस्त से 2 सितंबर तक तीन दिवसीय शिवपुरी प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे शिवपुरी, कोलारस एवं पिछोर विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण, भूमिपूजन, निरीक्षण सहित स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ ककरवाया, शिवपुरी, पोहरी, पिछोर एवं खनियाधाना क्षेत्र में कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ककरवाया में प्रस्तावित पोस्टल प्रशिक्षण केंद्र के भूमिपूजन स्थल पर मंच, पंडाल, वीआईपी एवं सामान्य पार्किंग तथा पहुंच मार्ग की व्यवस्थाएं देखीं। इस दौरान विधायक देवेंद्र जैन और भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव मौजूद रहे।
इसके बाद कलेक्टर ने शिवपुरी प्रधान डाकघर, अमृत भारत योजना के तहत पुनर्विकसित हो रहे रेलवे स्टेशन और निर्माणाधीन पोहरी रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने, स्वच्छता, हरियाली और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। ओवरब्रिज निर्माण स्थल पर राहगीरों और वाहनों की सुरक्षा के लिए मजबूत बैरिकेडिंग एवं व्यवस्थित डायवर्जन मार्ग रखने को कहा।
पिछोर एवं खनियाधाना क्षेत्र में अछरोनी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उप तहसील बामौर कलां के नवनिर्मित भवन तथा बूधोन राजापुरा में प्रस्तावित सड़क निर्माण के भूमिपूजन स्थल का भी निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने कमियों को तत्काल दूर कर सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ विजय राज, एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया, एसडीएम पिछोर ममता शाक्य सहित जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment