सिंधिया के तीन दिवसीय शिवपुरी दौरे में विकास कार्यों की सौगात, कई लोकार्पण और भूमि पूजन होंगे
सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
शिवपुरी, केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 31 अगस्त से 2 सितंबर तक शिवपुरी जिले के तीन दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे शिवपुरी, कोलारस और पिछोर क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण, भूमि पूजन, निरीक्षण और स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
31 अगस्त को दौरे की शुरुआत ग्राम अछरौनी से होगी, जहां सिंधिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद ग्राम चमरौआ और पिपरा में सब-स्टेशन, बामौरकलां उप तहसील का लोकार्पण किया जाएगा। धपौरा से तेरई रोड और भगारी से रामपुरा-टपरन रोड का भूमि पूजन भी होगा। शाम को होटल पीएस रेसीडेंसी में आयोजित कैट ग्वालियर-चंबल संभागीय व्यापार एवं उद्योग सम्मेलन में शामिल होंगे।
1 सितंबर को श्री चिंताहरण मंदिर में दर्शन के बाद नव-विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशन शिवपुरी का दौरा करेंगे और पोहरी रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद सिंहनिवास, रातौर और तानपुर सहित विभिन्न स्थानों पर विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमि पूजन कार्यक्रम होंगे। तानपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सिंहनिवास में सब-स्टेशन तथा शासकीय माध्यमिक स्कूल भवन का भूमि पूजन किया जाएगा। ठर्रा उप तहसील का लोकार्पण भी होगा।
इसी दिन पाली-राजगढ़ रोड, कुम्हरौआ-बागरोद रोड और बिजरौनी बायपास रोड सहित विभिन्न सड़कों का भूमि पूजन किया जाएगा। ग्राम कार्या में हाई स्कूल भवन, खरई में पंचायत भवन और पड़ोरा चौराहे पर आरसीसी रोड का लोकार्पण होगा। कोलारस में स्थानीय कार्यक्रम के बाद कोलारस रेलवे स्टेशन से उज्जैनी एक्सप्रेस के नए ठहराव का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया जाएगा।
2 सितंबर को सुबह 10 बजे से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास 50 सीटर अनुसूचित जाति प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास का भूमि पूजन किया जाएगा। इसके बाद हवाई पट्टी, पीएसक्यू लाइन, सहिसपुरा और झांसी तिराहा पर स्थानीय कार्यक्रम होंगे। कलेक्ट्रेट में डीवीएमसी की बैठक में शामिल होने के बाद कोर्ट रोड स्थित श्री पार्श्वनाथ जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक संघ में मुख्य प्रवेश द्वार और कीर्ति स्तंभ का भूमि पूजन करेंगे।
दौरे के अंतिम चरण में प्रधान डाकघर शिवपुरी का लोकार्पण तथा ककरवाया, लॉ कॉलेज के पास पोस्टल प्रशिक्षण केंद्र का भूमि पूजन किया जाएगा। इसके बाद स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होकर सिंधिया ग्वालियर के लिए रवाना होंगे।
तीन दिवसीय दौरे के दौरान शिवपुरी, कोलारस और पिछोर क्षेत्र को सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, रेलवे और डाक सेवाओं से जुड़े कई विकास कार्यों की सौगात मिलने की उम्मीद है।
Comments
Post a Comment