मिलाद-उन-नबी के जुलूस की रील पर विवाद,
हिंदू संगठनों की शिकायत पर युवक के खिलाफ केस
सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
रन्नौद। शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर में मिलाद-उन-नबी के जुलूस के दौरान बनाई गई कथित सोशल मीडिया रील को लेकर विवाद सामने आया है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने रील में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित हिंदू संगठनों को लेकर आपत्तिजनक एवं धमकी भरी बातें किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। शिकायत के बाद रन्नौद पुलिस ने संबंधित युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बजरंग दल के प्रखंड संयोजक राघवेन्द्र दुबे और विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड अध्यक्ष सतीश श्रीवास्तव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 26 अगस्त को ग्राम मोहम्मदपुर में मिलाद-उन-नबी के जुलूस के दौरान डीजे के सामने एक युवक द्वारा रील बनाई गई थी। आरोप है कि इस रील में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर आपत्तिजनक बातें कही गईं। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, कथित रील को इंस्टाग्राम पर Sohailkhana22 नाम की आईडी से प्रसारित किया गया।
पदाधिकारियों ने पुलिस को दी शिकायत में आशंका जताई कि इस तरह की सामग्री के प्रसार से क्षेत्र में साम्प्रदायिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए कथित वीडियो की पेनड्राइव भी पुलिस को सौंपी।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट शिवपुरी द्वारा 20 अगस्त 2026 को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत जारी निषेधाज्ञा के उल्लंघन का मामला सामने आया। इसके आधार पर पुलिस ने संबंधित युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब कथित रील और उसके सोशल मीडिया प्रसार से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
Comments
Post a Comment