पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों के बच्चों के लिए शुरू कराया आधुनिक झूला घर
सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
शिवपुरी। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में आधुनिक सुविधाओं से लैस झूला घर का शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य ड्यूटी के दौरान पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों, विशेषकर महिला पुलिसकर्मियों के छोटे बच्चों की बेहतर देखरेख सुनिश्चित करना है।
उद्घाटन के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति, सीएसपी सचिन कुमार धुर्वे, रक्षित निरीक्षक अनिल कवरेती सहित शहर के थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी अपने बच्चों के साथ मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात कानून व्यवस्था और समाज की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। छोटे बच्चों की देखभाल की चिंता के चलते कई बार उन्हें ड्यूटी और परिवार के बीच संतुलन बनाने में परेशानी होती है। झूला घर शुरू होने से पुलिसकर्मी बच्चों की चिंता से मुक्त होकर अपने कर्तव्यों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकेंगे।
झूला घर को बच्चों के अनुकूल आकर्षक और रंग-बिरंगा बनाया गया है। यहां बच्चों के लिए खिलौने, शैक्षिक खेल सामग्री, सोने के लिए पालने और गद्दे के साथ पौष्टिक खान-पान के लिए पेंट्री एरिया भी बनाया गया है। बच्चों की देखरेख के लिए महिला पुलिसकर्मियों और स्टाफ की तैनाती की गई है। सुरक्षा के लिए परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
Comments
Post a Comment