चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश पड़ी भारी,
प्लेटफॉर्म-ट्रेन के बीच फंसी महिला को आरपीएफ एएसआई ने बचाया
सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
शिवपुरी रेलवे स्टेशन पर टला बड़ा हादसा, एएसआई वीरेंद्र तिवारी ने तत्परता दिखाकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला; सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
शिवपुरी। शिवपुरी रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब अशोकनगर जाने के लिए ट्रेन पकड़ने पहुंची 36 वर्षीय महिला चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गई। महिला को खतरे में देख वहां तैनात आरपीएफ के एएसआई वीरेंद्र कुमार तिवारी ने तत्काल दौड़कर उसे पकड़ लिया और प्लेटफॉर्म की ओर खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। एएसआई की तत्परता से महिला की जान बच गई। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार पुरानी शिवपुरी निवासी निर्मला ठाकुर शनिवार सुबह करीब 10 बजे रक्षाबंधन के अवसर पर अशोकनगर जाने के लिए शिवपुरी रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। वह ग्वालियर-बीना ट्रेन में सवार होने का प्रयास कर रही थीं। इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी और महिला ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की। संतुलन बिगड़ने के कारण वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच के गैप में जा फंसी।
महिला के गिरते ही स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान कुछ दूरी पर तैनात आरपीएफ एएसआई वीरेंद्र कुमार तिवारी की नजर महिला पर पड़ी। उन्होंने बिना समय गंवाए महिला की ओर दौड़ लगाई और उसे पकड़कर प्लेटफॉर्म की ओर खींच लिया। कुछ ही पलों में महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
एएसआई वीरेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि उन्हें पहले ही अंदेशा हो गया था कि महिला चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही है। इसी कारण वह उसकी ओर बढ़ रहे थे। महिला के ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसते ही उन्होंने तत्काल उसे पकड़ लिया और बाहर खींच लिया।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद आरपीएफ एएसआई की तत्परता और साहस की सराहना की जा रही है। एएसआई तिवारी ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में कभी भी चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
Comments
Post a Comment