रक्षाबंधन पर जेलों में गूंजा स्नेह, 992 बंदियों की कलाई पर सजा रक्षा सूत्र
शिवपुरी सर्किल की 9 जेलों में बहनों ने भाइयों से की मुलाकात, भावुक हुए बंदी और परिजन
शिवपुरी। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शुक्रवार को शिवपुरी सर्किल की नौ जेलों में भावुक माहौल देखने को मिला। मध्यप्रदेश शासन एवं जेल विभाग के निर्देश पर जेलों में निरुद्ध बंदियों की उनकी बहनों और माताओं से प्रत्यक्ष (खुली) मुलाकात कराई गई। इस दौरान बहनों ने अपने बंदी भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके उज्ज्वल भविष्य और शीघ्र रिहाई की कामना की।
जेल अधीक्षक विदित सिरवैया ने बताया कि जेल मुख्यालय भोपाल के दिशा-निर्देशों के अनुसार मुलाकात के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरी सतर्कता के साथ परिजनों की तलाशी ली और इसके बाद प्रत्यक्ष मुलाकात कराई गई। मुलाकात समाप्त होने के बाद सभी जेलों में बंदियों का लॉकअप मिलान किया गया और लॉकअप बंद किए गए। पूरे सर्किल में व्यवस्था शांतिपूर्ण रही।
9 जेलों में 992 बंदियों से मिले परिजन
शिवपुरी सर्किल की एक सर्किल जेल, तीन जिला जेल और पांच सब जेलों में कुल 992 बंदियों से उनकी माताओं एवं बहनों ने मुलाकात की। इनमें सर्किल जेल शिवपुरी की 9 महिला बंदी भी शामिल हैं।
सर्किल जेल शिवपुरी में 272 बंदियों से 1,088 परिजनों ने मुलाकात की। जिला जेल गुना में 248 बंदियों से 670, जिला जेल अशोकनगर में 177 बंदियों से 453 और जिला जेल श्योपुर में 37 बंदियों से 101 परिजन मिले।
इसी तरह सब जेल पोहरी में 21 बंदियों से 34, कोलारस में 13 से 27, पिछोर में 86 से 197, करैरा में 98 से 303 तथा चांचौड़ा सब जेल में 40 बंदियों से 127 परिजनों ने मुलाकात की।
रक्षाबंधन के अवसर पर जेलों में हुई इस मुलाकात ने बंदियों और उनके परिजनों के बीच भावनात्मक रिश्ते को मजबूत किया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके जीवन में नई उम्मीद और बेहतर भविष्य की कामना की।
Comments
Post a Comment