रक्षाबंधन पर कानपुर गया परिवार, पीछे से 60 लाख की चोरी
सूने मकान के तीन कमरों के ताले तोड़कर 27 तौला सोना, 4 किलो चांदी और 4 लाख रुपए ले गए चोर
सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
शिवपुरी। शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 60 लाख रुपए की चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। परिवार के रक्षाबंधन पर कानपुर जाने के बाद अज्ञात चोरों ने मकान के तीन कमरों के ताले तोड़ दिए और अलमारी में रखे करीब 27 तौला सोने के जेवर, 4 किलो चांदी और 4 लाख रुपए नकद चोरी कर लिए। रविवार रात परिवार के वापस लौटने पर वारदात का पता चला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
तीन कमरों के ताले तोड़े, अलमारी से जेवर-नकदी पार
जानकारी के अनुसार दौलत सिंह होटल के पीछे रहने वाले ठेकेदार मातादीन अग्रवाल अपनी पत्नी रश्मि अग्रवाल के साथ 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर कानपुर स्थित अपनी ससुराल गए थे। घर सूना होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मकान में प्रवेश किया। रविवार रात जब दंपती वापस लौटे तो मकान के तीन कमरों के गेट के ताले टूटे हुए मिले।
घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जिस कमरे में अलमारी रखी थी, चोरों ने उसका दरवाजा भी तोड़ दिया था। इसके बाद अलमारी की चाबी चोरों के हाथ लग गई, जिससे उन्होंने अलमारी खोलकर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली।
पुश्तैनी जेवर और निर्माण कार्य के लिए रखी थी नकदी
रश्मि अग्रवाल के मुताबिक अलमारी में करीब 27 तौला सोने और 4 किलो चांदी के पुश्तैनी जेवर रखे थे। इसके अलावा घर में 4 लाख रुपए नकद भी रखे हुए थे। उन्होंने बताया कि मकान की दूसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके खर्च के लिए नकदी घर में रखी गई थी।
रेकी के बाद वारदात की आशंका
चोरी के तरीके को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि वारदात से पहले चोरों ने मकान की रेकी की होगी। संभव है कि परिवार के बाहर जाने की जानकारी जुटाने के बाद चोरों ने घर को निशाना बनाया हो। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि चोरों ने 28 अगस्त की रात ही मकान में प्रवेश किया था या इसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया।
डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट टीम ने जुटाए साक्ष्य
करीब 60 लाख रुपए की चोरी की सूचना मिलने पर फिजिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
Comments
Post a Comment