रामेश्वरम तीर्थ यात्रा के लिए उमड़ा बुजुर्गों का उत्साह, कोलारस में अब तक 50 आवेदन
1 सितंबर तक जमा होंगे आवेदन, 7 सितंबर को शिवपुरी से रवाना होगी तीर्थ यात्रा
सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
कोलारस। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत रामेश्वरम तीर्थ यात्रा को लेकर कोलारस क्षेत्र के बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। योजना के अंतर्गत कोलारस जनपद पंचायत में अब तक 50 आवेदन जमा हो चुके हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 1 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
शनिवार को जनपद अध्यक्ष भरत सिंह चौहान ने जनपद कार्यालय पहुंचकर बुजुर्गों के आवेदन फॉर्म भरवाए और योजना से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने क्षेत्र के पात्र नागरिकों से अपील की कि जो भी व्यक्ति मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत रामेश्वरम यात्रा का लाभ लेना चाहते हैं, वे निर्धारित समय सीमा में अपना आवेदन जमा कराएं।
जनपद अध्यक्ष ने बताया कि तीर्थ यात्रियों को लेकर विशेष ट्रेन 7 सितंबर को शिवपुरी रेलवे स्टेशन से रामेश्वरम के लिए रवाना होगी। योजना के तहत आवेदक की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होना आवश्यक है। महिलाओं को नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट का प्रावधान है।
वहीं, 65 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्ग यदि अपने साथ सहायक ले जाना चाहते हैं, तो सहायक की आयु 18 से 50 वर्ष के बीच होना जरूरी है। इच्छुक पात्र नागरिक अपना आवेदन जनपद पंचायत कार्यालय में जमा कर सकते हैं। योजना से संबंधित जानकारी एवं सहायता के लिए जनपद कोऑर्डिनेटर ओपी शाक्य से संपर्क किया जा सकता है।
जनपद अध्यक्ष भरत सिंह चौहान ने क्षेत्र के पात्र नागरिकों से शासन की इस नि:शुल्क तीर्थ दर्शन योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
Comments
Post a Comment