लुकवासा में जनसमस्या शिविर: 33 आवेदनों में 15 का मौके पर समाधान, बाकी 7 दिन में निपटाने के निर्देश
सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
कोलारस। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शनिवार को कोलारस जनपद की ग्राम पंचायत लुकवासा में जनसमस्या एवं स्वरोजगार शिविर आयोजित किया गया। पंचायत भवन में लगे शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं से जुड़े कुल 33 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 15 आवेदनों का संबंधित विभागों के अधिकारियों ने मौके पर ही निराकरण कर दिया।
शेष 18 लंबित आवेदनों को लेकर एसडीएम शिवदयाल धाकड़ ने अधिकारियों को आगामी 7 दिवस में प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उद्यम संवाद में युवाओं को मिला स्वरोजगार का संदेश
शिविर में जनसमस्याओं के समाधान के साथ ‘उद्यम संवाद’ का भी आयोजन हुआ। इसमें सरकारी योजनाओं के माध्यम से सब्सिडी प्राप्त कर अपना व्यवसाय स्थापित करने वाले सफल उद्यमियों ने युवाओं के साथ अपने अनुभव साझा किए और उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष भरत सिंह चौहान, भाजपा मंडल अध्यक्ष हरिओम रघुवंशी सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। जनपद अध्यक्ष ने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
Comments
Post a Comment