थीम रोड पर डिवाइडर से टकराई स्कूटी, 18 वर्षीय युवती की मौत


ग्वालियर में इलाज के दौरान सिद्धी जैन ने तोड़ा दम, सावरकर पार्क के पास हुआ था हादसा

सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
शिवपुरी। शहर की थीम रोड पर शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय युवती सिद्धी जैन की ग्वालियर में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसा सावरकर पार्क के पास करीब सुबह 6:30 बजे हुआ था। सिद्धी स्कूटी से जा रही थी, इसी दौरान अचानक स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह स्कूटी से उछलकर करीब 10 से 15 फीट दूर सड़क पर सिर के बल जा गिरी।
हादसे में सिद्धी के सिर और नाक में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया था। वहां देर रात उपचार के दौरान सिद्धी ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार सिद्धी जैन पुत्री निश्छल उर्फ बबलू जैन, निवासी भोपाल, शनिवार सुबह करीब 6 बजे अपने मामा के घर शिवपुरी पहुंची थी। कुछ देर बाद वह स्कूटी लेकर घूमने निकली थी। हादसे के बाद शुरुआत में उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। सोशल मीडिया पर हादसे की तस्वीरें वायरल होने के बाद परिजनों को जानकारी मिली और वे अस्पताल पहुंचे। युवती की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Comments

Popular posts from this blog

नगर परिषद की कचरा गाड़ी चोरी, रेलवे स्टेशन रोड पर दिखी फिर भी हाथ नहीं लगी

रक्षाबंधन पर चंद्र ग्रहण का साया नहीं, जानिए राखी बांधने के शुभ मुहूर्त

सांसद भारत सिंह कुशवाह के जन्मदिन पर नरवर भाजपा मंडल ने मनाया सेवा और पर्यावरण संरक्षण का पर्व