18 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार, 10.60 लाख का माल जब्त
सिमर एक्सप्रेस संवाददाता
शिवपुरी। कोतवाली पुलिस ने स्मैक की बिक्री करने की फिराक में खड़े एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 18.08 ग्राम स्मैक, जिसकी कीमत करीब 3.60 लाख रुपए है, और एक बुलेरो वाहन जब्त किया। जब्त माल की कुल कीमत 10.60 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिले में नशीले पदार्थों की बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 अगस्त को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ग्रीन व्यू होटल के सामने कच्चे रास्ते पर बुलेरो में बैठकर स्मैक बेचने की तैयारी में है।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बुलेरो क्रमांक एमपी33-सी-9169 में बैठे महेश गुर्जर (25), निवासी छिरारी, करैरा को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसकी जींस की जेब से पारदर्शी पन्नी में 18.08 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने स्मैक और बुलेरो जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 670/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे न्यायालय में पेश किया। पुलिस आरोपी से स्मैक के स्रोत के संबंध में पूछताछ कर रही है।
Comments
Post a Comment